Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पत्नी शगुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह शगुप्ता का शव कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शगुप्ता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट के अलावा गाली-गलौज भी की जाती थी। मामले में कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद आदिल कपाली स्थित गुलजार होटल के समीप रहने वाला है और मोहम्मद हलीम का पुत्र है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


