


Jamshedpur. जमशेदपुर में एक सरकारी स्कूल के परिसर से शनिवार सुबह एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, पीड़िता की उम्र करीब 17 वर्ष हो सकती है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, स्कूल परिसर में स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र के संचालक ने शव देखा और पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
कुमार ने बताया,हमने मृतका की पहचान के लिए पड़ोसी थानों से उनके क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान करने को कहा है।”
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की सोपोडेरा की रहने वाली नहीं थी। अधिकारी ने बलात्कार और हत्या की आशंका को लेकर कहा कि अब तक यौन उत्पीड़न का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।’’



