


Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर और कपाली थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सांपड़ा पुल से सोमवार दोपहर एक युवक द्वारा स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान तमोलिया निवासी वरुण के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह काले रंग की स्कूटी JH05CU-8657 से पुल पर पहुंचा था। स्कूटी खड़ी करने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।



