

Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कांड्रा थाना क्षेत्र के लहाकोठी गांव में एक 27 वर्षीय मेडिकल छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान डॉ. गंगाधर महतो के इकलौते पुत्र प्रकाश महतो के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, प्रकाश पांच दिन पहले ही देहरादून से अपने घर लौटा था। परिवार का कहना है कि उसने किसी तरह की मानसिक परेशानी, तनाव या व्यक्तिगत समस्या का जिक्र नहीं किया था। वह सामान्य व्यवहार कर रहा था, जिससे यह घटना परिजनों के लिए पूरी तरह अप्रत्याशित और गहरे सदमे का कारण बन गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात काफी समय तक जब प्रकाश अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर जब कमरे में प्रवेश किया गया तो वह फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रकाश परिवार का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।



