


Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड के स्वर्गछिड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया. इस हमले में 65 वर्षीय अतुल बेरा नामक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, अतुल बेरा सुबह स्वर्णरेखा नदी के किनारे शौच के लिए गए थे. तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और फिर तुरंत ओडिशा के बारीपादा अस्पताल भेजा गया.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हाथी संभवतः रात में ओडिशा की सीमा से होते हुए गांव में आया था. घटना के बाद हाथी नदी किनारे ही रुका हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है.
वन विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है. मुसाबनी वन क्षेत्र की टीम और चाकुलिया से क्विक रिस्पांस यूनिट को मौके पर भेजा जा रहा है ताकि हाथी को आबादी से दूर खदेड़ा जा सके.
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और हाथी के संपर्क में न आने की अपील की गई है.



