


Ranchi. नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर व इवीएम के माध्यम से कराने की मांग को लेकर प्रदेश भाजपा पांच से सात जनवरी तक अलग-अलग निकायों में धरना देगी. इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. यह निर्णय रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक में लिया गया. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार की मंशा निकाय चुनाव कराने की नहीं है. इसलिए लगातार बहानेबाजी करके चुनाव को टालने का प्रयास हो रहा है.
निकाय चुनाव नहीं होने से जनता की बुनियादी व रोजमर्रा से जुड़ीं समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है. वहीं, निकायों में अफसरशाही हावी है. बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री व सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, अमर कुमार बाउरी, विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा, वरिष्ठ नेता शैलेंद्र सिंह, अभय सिंह आदि उपस्थित थे.



