


Ranchi : अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रांची पुलिस लगातार प्रयासरत है. बीते दिनों डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को मिली शिकायत के बाद कोयला के कारोबार में अवैध वसूली को लेकर रेड हुई है. यह रेड खलारी थाना अंतर्गत केडीएच माइंस स्थित काँटाघर के बाहर हुई है. यहाँ पर लिफ्टर द्वारा विस्थापित मोर्चा और ग्रामीणों के नाम पर पर्ची काटकर अवैध तरीके से ट्रांसपोर्टर से वसूली होती है. रांची एसएसपी की स्पेशल टीम इस रेड का नेतृत्व कर रही है. सूत्रों के अनुसार अभी तक 4 लिफ्टरों को हिरासत में लिया गया है. सभी से सख्ती से पूछताछ चल रही है. खबर लिखे जाने तक अवैध वसूली को लेकर रेड की कार्रवाई जारी है.



