


- राज्यपाल बोले -बेटियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन देख गौरवान्वित हैं
Jamshedpur. सिदगोड़ा स्थित जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया. इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल हुए. छात्राओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जमशेदपुर की छवि पूरे देश में महिला शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो रही है. आज हमारे देश में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं. अब वो दिन गए, जब बेटियां सिर्फ पारंपरिक भूमिकाओं तक ही सीमित रहती थीं. अब महिलाएं डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक व एथलीट के रूप में उत्कृष्टता हासिल कर रही हैं.
नेल्सन मंडेला ने कहा था-शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है और इससे आप दुनिया को बदल सकते हैं. बाबा साहेब आंबेडकर ने इस समाज की प्रगति को महिला की प्रगति से मापने की बात की थी, यह अपने आप में देश के लिए सार्थक व सत्य है. हम अपनी बेटियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देख कर गौरवान्वित होते हैं. राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि आज का प्रमाण पत्र केवल डिग्री नहीं, बल्कि आपके ज्ञान, प्रतिबद्धता व उत्तरदायित्व का प्रमाण है. आपको अपनी शिक्षा का उपयोग सिर्फ स्वहित नहीं बल्कि समाज व राष्ट्र के निर्माण में भी करना है. अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग कर समाज के विकास में अपनी अहम भूमिका निभानी है.
यह जान कर प्रसन्नता है कि कोल्हान में इस विश्वविद्यालय का विशेष स्थान है. एक इंटरमीडिएट कॉलेज के रूप में शुरुआत के साथ यह आज पूर्ण विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होकर यह संस्थान महिला सशक्तिकरण व बालिकाओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में प्रेरित करने की दिशा में सार्थक भूमिका निभा रहा है. यहां की कई पूर्ववर्ती छात्राओं ने अपने ज्ञान, कौशल व परिश्रम से विभिन्न क्षेत्र में सफलता हासिल किया है और देश का नाम रोशन किया है. इससे पूर्व राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार को गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया गया. इसके बाद पारंपरिक नृत्य एवं एनएसएस क्लैप से उनका स्वागत किया गया.
विश्वविद्यालय की छात्राओं ने संथाली नृत्य की प्रस्तुति दी. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सिदगोड़ा स्थित फूलो झानो महिला छात्रावास का उद्घाटन भी किया. डिग्री हासिल करने के बाद आप सभी पेशेवर दुनिया में प्रवेश करेंगी. इस दुनिया में प्रवेश करने से पूर्व खूब सोचें, अपने मजबूत पक्ष को याद रखें, अपना रास्ता हमेशा समझदारी से चुनें और अनुशासन बनाये रखें. खुद पर विश्वास रखें और चुनौतियों से घबराने के बजाय उसे विकास के अवसर के रूप में देखें.
याद किए गए भारत रत्न जेआरडी टाटा व रतन टाटा, राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड में महिलाओं की शिक्षा के साथ ही उनकी सामाजिक व आर्थिक प्रगति आवश्यक है. इस दिशा में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है. कहा कि 1962 में महान दूरदर्शी व परोपकारी भारत रत्न जेआरडी टाटा ने शहर के बीचोंबीच इस विश्वविद्यालय को वृहद मैदान व भवन के लिए भूखंड उपलब्ध कराया था. बुनियादी ढांचे के साथ ही कॉलेज ने अपने विकास का सफर शुरू किया. महिला शिक्षा के संबंध में वे महान व्यक्तित्व के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे. इस क्रम में उन्होंने उद्योग जगत के साथ ही शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए स्व. रतन टाटा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की.



