


Prayagraj. महाकुंभ 2025 के सिर्फ पांच दिन शेष रह गये हैं. इसके बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है. प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के कारण एक बार फिर से जाम का सामना करना पड़ रहा है. प्रयागराज में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गयी है. गुरुवार और शुक्रवार को भी शहर में भीषण जाम देखने को मिला. शहर की कई सड़कों पर गाड़ियों कई घंटों से एक ही जगह रुकी हुई हैं.
मेडिकल चौराहे से बालसन, बैरहना से बालसन और सोबतियाबाग से दरभंगा चौराहे पर लंबा जाम लगा है. सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें इस हद तक है कि गाड़ियां रेंगते हुए चल रही हैं. जाम के कारण 15 मिनट की दूरी दो से ढाई घंटे में तय किया जा रहा है. जाम की समस्या से निपटने के लिए सेना के जवानों की मदद ली जा रही है. पिछले 40 दिनों में 58 करोड़ से अधिक लोगों ने संगम में स्नान किया है. वीकेंड पर भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं.
मेला क्षेत्र में गाड़ियों पर रोक लगा दी गई है और वीआईपी पास रद्द कर दिए गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को महाशिवरात्री के स्नान के लिए कड़े इंतजाम करने का निर्देश दिया है. प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.



