


Ranchi. झारखंड पुलिस ने बैंक खाते के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है. यह मामला तब सामने आया, जब गृह मंत्रालय की आइफोरसी परियोजना के तहत समन्वय पोर्टल से संदिग्ध लेन-देन की सूचना मिली. इसमें भारतीय स्टेट बैंक के एक खाता नंबर (444616958956) में संदिग्ध लेन-देन पाया गया. इसके बाद 28 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गयी. इसमें पता चला कि यह खाता एमएसएमइ योजना के तहत श्री गणेश इंटरप्राइजेज के नाम से खोला गया था. इस खाते से जुड़े लोगों में गोला रोड (रामगढ़) के राहुल गुप्ता (37), पारसोतिया पानी टंकी रोड के रवि कुमार वर्मा (34), छोटकाकाना पतरातू के अजय शर्मा (33) व जारा टोला रामगढ़ कॉलेज कैंपस के पास रहनेवाले सोनू कुमार झा का नाम सामने आया.
उक्त जानकारी शुक्रवार को पत्रकारों को एसपी मुकेश कुमार ने दी. छापामारी दल में पुनि दिगंबर पांडेय, पुअनि रंजीत कुमार यादव, जितेंद्र पासवान, मो तौफिक व तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. जांच में यह भी सामने आया कि उक्त खाते के विरुद्ध देश भर में 274 शिकायतें दर्ज हैं. एनसीआरपी पोर्टल के अनुसार, आंध्र प्रदेश की नौ, बिहार की आठ, चंडीगढ़ की दो, छत्तीसगढ़ की एक, दिल्ली की 11, गोवा की दो, गुजरात की 13, हरियाणा की आठ, हिमाचल प्रदेश की तीन, जम्मू-कश्मीर की तीन, झारखंड की एक, कर्नाटक की 27, केरल की 13, मध्य प्रदेश की चार, महाराष्ट्र की 48, ओडिशा की सात, पुडुचेरी की दो, पंजाब की पांच, राजस्थान की आठ, तमिलनाडु की 25, तेलंगाना की 22, उत्तर प्रदेश की 27, उत्तराखंड की पांच और पश्चिम बंगाल की 20 शिकायतें दर्ज हैं.
आरोपियों ने बताया कि वह लोग व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से साइबर अपराधियों को बैंक खाताधारी की सभी सूचना उपलब्ध कराते थे. सभी आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल और 11 सिम कार्ड बरामद किये हैं. इस मामले में आइटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.



