धनबाद: धनबाद मंडल में बिना टिकट अथवा अनुचित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई के लिए बड़े पैमाने पर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को धनबाद स्टेशन पर मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 79 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे 53,695 रुपये जुर्माना वसूला गया।

तीन घंटे तक चला टिकट जांच अभियान
सुनियोजित कार्यक्रम के तहत शनिवार को 15:30 बजे से 18:30 बजे तक धनबाद स्टेशन पर टिकट जांच की गई। इस दौरान धनबाद का दस्ता संख्या-02 एवं धनबाद स्लीपर की एलआर चेकिंग स्टाफ की टीम ने यात्रियों के टिकट और यात्रा संबंधी प्राधिकार की जांच की।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के अलावा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को भी पकड़ा गया।
53,695 रुपये जुर्माना वसूला गया
टिकट जांच अभियान के दौरान पकड़े गए 79 यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत कुल 53,695 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में प्राप्त की गई। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने की कड़ी हिदायत भी दी।
धनबाद मंडल द्वारा लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करने और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
अनारक्षित टिकट काउंटर पर दिखी भीड़
अभियान के दौरान धनबाद स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखी गई। धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करें।
रेलवे ने यात्रियों से यह भी अनुरोध किया है कि उनके पास जिस श्रेणी का टिकट है, उसी श्रेणी के कोच में यात्रा करें। इससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचने के साथ रेलवे के नियमों का पालन भी सुनिश्चित होगा।

