

Ghatsila.घाटशिला थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने जमकर कहर बरपाया। कथित तौर पर शराब के नशे में धुत चालक ने अमाईनगर पुलिया से स्वर्णरेखा नदी पुल तक कई लोगों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो मासूमों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार एक महिला टक्कर के बाद पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में गिरकर तेज बहाव में बह गईं। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम महिला की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, मुसाबनी थाना क्षेत्र निवासी गोवर्धन पातर कथित तौर पर शराब के नशे में रेनॉल्ट ट्राइबर कार से मऊभंडार से घाटशिला की ओर जा रहा था। विशाल मेगा मार्ट के समीप पहुंचते ही कार ने कई वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। इसके बाद स्वर्णरेखा नदी पुल पर कार ने सामने से आ रही हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक और बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि बाइक पर गोपालपुर निवासी सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा और बेटी श्रेया सिन्हा सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुष्मिता सिन्हा पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं और तेज धार में बह गईं। वहीं, हादसे में सुब्रतो सिन्हा और उनकी बेटी श्रेया गंभीर रूप से घायल हो गए। श्रेया के पैर में गंभीर चोट आई है।
इस दुर्घटना में मुसाबनी के गिरीशडांगा निवासी सुरेश भगत और नेहा वर्मा भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला डीएसपी विकास आनंद लागुरी, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा और मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता पुलिस बल एवं पीसीआर वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

