


Jamshedpur पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 38524 वोट से पटखनी दी है. तीसरे स्थान पर JKLM प्रत्याशी रामदास मुर्मू रहे. इस सीट पर उपचुनाव 11 नवंबर को खत्म हुआ था.
घाटशिला सीट राज्य के शिक्षा मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हो गई थी. क्षेत्र में गहरी पकड़ रखने वाले सोरेन के निधन से क्षेत्र की जनता में शोक की लहर थी.
अधिकारी ने बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में सुबह आठ बजे शुरू हुई. यह उपचुनाव सत्तारूढ़ झामुमो और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गयी थी. हालांकि, चुनाव परिणाम का हेमंत सोरेन सरकार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा.
81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के पास वर्तमान में 55 विधायक हैं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं. इस सीट पर 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ था.
सोमेश झामुमो विधायक रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जिनके 15 अगस्त को निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था. रामदास सोरेन ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 22,000 से अधिक मतों से हराया था.
सोमेश चंद्र सोरेन पहली बार किसी चुनावी मैदान में उतरे हैं.
*मतगणना- राउंड 20*
1. बाबूलाल सोरेन, भाजपा- 66270
2. सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो- 104794
3. पंचानन सोरेन, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) – 1047
4. पार्वती हांसदा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया(डेमोक्रेटिक) – 386
5. रामदास मुर्मू, जेएलकेएम- 11542
6. नारायण सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी- 197
7. परमेश्वर टुडू, निर्दलीय- 152
8. बसंत कुमार तोपनो, निर्दलीय- 129
9. मनसा राम हांसदा, निर्दलीय प्रत्याशी- 903
10. मनोज कुमार सिंह, निर्दलीय- 369
11. रामकृष्ण कांति माहली, निर्दलीय- 340
12. विकास हेम्ब्रम, निर्दलीय- 917
13. डॉ. श्रीलाल किस्कू, निर्दलीय- 1503
14. NOTA- 2765



