


Jamshedpur.जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण न रख पाने के आरोप में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार देर शाम अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण यह निर्णय लिया गया है। जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीएम ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं डीआइजी को जमशेदपुर में रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है। गौरतलब है कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन’ बार में किसी बात को लेकर हिमांशु और उसके दोस्त प्रत्युष की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बार के बाहर बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की सोमवार को इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे और व्यापारियों-स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था।



