


Jamshedpur. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक (33) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात आसनबनी/कांदरबेड़ा स्थित प्रसिद्ध ‘टेंथ माइल स्टोन’ (10th Mile Stone) होटल परिसर में हुई, जहां दिनदहाड़े हुई इस खूनी वारदात से पूरे कारोबारी जगत में भारी दहशत फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक दोपहर किसी व्यावसायिक कार्य से होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने उन्हें चार गोलियां मारीं, जिनमें से एक गोली सीधे उनके सिर में लगी। वारदात के बाद साथी आनन-फानन में उन्हें जमशेदपुर स्थित टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे रंगदारी का विवाद हो सकता है। चांडिल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और शहर के कई कारोबारी अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन बना हुआ है।

