


Jamshedpur. उत्तराखंड के चमोली जिले में एक जलविद्युत परियोजना स्थल पर बन रही सुरंग में मलबा और पानी घुसने से जान गंवाने वाले सात मजदूरों में झारखंड का एक मजदूर भी शामिल है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे पानी तेजी से अंदर आने से तीन किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर 22 लोग फंस गए। एक आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, बृहस्पतिवार रातभर चले राहत और बचाव अभियान के दौरान 19 श्रमिकों को सुरंग से बाहर निकाला गया। इनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि 12 अन्य घायल मिले। अधिकारियों ने बताया कि अब भी तीन श्रमिकों की तलाश जारी है, जिनमें झारखंड का एक मजदूर शामिल है।
इस हादसे में झारखंड के कुल सात मजदूर प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के पलसाबानी गांव के रहने वाले शिवजय हांसदा की इस घटना में मौत हो गई। बयान में कहा गया, मृतक के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेजने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। शव को एंबुलेंस के माध्यम से पैतृक गांव भेजा जा रहा है।”बयान के मुताबिक, झारखंड के पांच घायल श्रमिकों का उत्तराखंड के नजदीकी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को सुरंग हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत की थी।
राहत और बचाव अभियान जारी है।

