


Jamshedpur.बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के पीएम मॉल के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जनरल सिंह (67) की मौत हो गई. मृतक की पहचान कीताडीह निवासी के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, वे अपनी बाइक से आदित्यपुर से अपने घर लौट रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जनरल सिंह की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वे जोरदार तरीके से सड़क पर गिर पड़े. गिरने के बाद उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे नाली के किनारे अचेत अवस्था में पड़े रहे.
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने के साथ ही आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों का कहना है कि वे रोजाना की तरह आदित्यपुर से घर लौट रहे थे. बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.



