
जमशेदपुर।
रांची स्थित मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 18 जून 2025 सुबह 8:30 बजे से लेकर 19 जून सुबह 8:30 बजे तक पूर्वी सिंहभूम जिले में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिन विद्यालयों में अन्य कक्षाएं भी संचालित होती हैं, वहां केवल कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR :अब आनंद विहार से चलेगी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस
पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का रेड अलर्ट
वही जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, विशेषकर स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोग। भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि ऐसी परिस्थिति में वे सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन ने सभी नगरीय निकाय पदाधिकारियों, बीडीओ और सीओ को अलर्ट पर रखा है और उन्हें आवश्यक राहत व बचाव इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
READ MORE :Jamshedpur: हल्दीपोखर स्टेशन पर.चलती ट्रेन से चढ़ने की कोशिश में हरहरगुट्टू निवासी की मौत, साथी घायल
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
नागरिक नदियों के किनारे जाने से बचें।
अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय नगर निकाय, प्रखंड प्रशासन या नजदीकी थाना से संपर्क करें।
राहत एवं बचाव दल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन-जीवन और जानमाल की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचना पर ही विश्वास करें।
