
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित टांगराईन पंचायत में उत्क्रमित मध्य विद्यालय टांगराईन का निरीक्षण उपायुक्त के निर्देशानुसार डीसीएलआर गौतम कुमार के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की खूबसूरती, स्वच्छता और शैक्षणिक नवाचारों की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया गया।
विद्यालय की नवाचार पहल की सराहना:
निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर गौतम कुमार ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी की मेहनत, रिकॉर्ड कीपिंग, और इनोवेटिव कार्यशैली की विशेष सराहना की। उन्होंने विद्यालय के विजिटर्स बुक में अपने विचार दर्ज करते हुए लिखा कि विद्यालय का वातावरण अत्यंत प्रेरक और अनुकरणीय है।
डीसीएलआर ने विद्यालय परिसर में अमरूद का एक पौधा रोपित किया और इको क्लब द्वारा चलाए जा रहे क्यूआर कोड अभियान का शुभारंभ भी किया। इस नवाचार के तहत विद्यालय में लगे पेड़ों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, जिन्हें स्कैन कर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ तकनीकी जागरूकता का अनूठा उदाहरण है।
पुस्तकालय और बच्चों के नामांकन की सराहना:
विद्यालय पुस्तकालय के रखरखाव और उसमें बच्चों के उपयोग की स्थिति देखकर डीसीएलआर ने उसकी भी प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से सबर समुदाय के बच्चों को आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने हेतु प्रधानाध्यापक द्वारा की गई व्यक्तिगत पहल की सराहना की।
निरीक्षण में शामिल अधिकारी और जनप्रतिनिधि:
निरीक्षण में प्रखंड पंचायत पदाधिकारी मनोज सिन्हा और शिक्षा विभाग की अधिकारी सोनू कुमारी समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में पंचायत मुखिया असित सरदार, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मंगला मांझी, चंद्रकला मुंडा, रीला सरदार, और शिक्षकगण राजीव सिंह, अमल दीक्षित, निरंजन सरदार, दसमत मुर्मू और राजेंद्र सिंह मुंडा उपस्थित थे।
डीसीएलआर ने शिक्षकों और प्रबंधन समिति की प्रशंसा
डीसीएलआर ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों और प्रबंधन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालय क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं और अन्य विद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से ऐसे उत्कृष्ट प्रयासों को हरसंभव समर्थन दिया जाएगा।
