Jamahedpur. जमशेदपुर के गोलमुरी सब्जी मार्केट में गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर बाजार में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में आग पर काबू पाने की कोशिश की। बताया जाता है कि सब्जी मार्केट की दुकानें झुग्गी-झोपड़ियों से बनी थीं। इस कारण आग तेजी से फैलने लगी और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से दुकानदारों को भारी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, आग से कितनी दुकानों को नुकसान पहुंचा है और कुल कितने रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है, इसका आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


