
जमशेदपुर। ईद मिलादुन्न नबी के अवसर पर जमशेदपुर शहर में निकलने वाले जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने विधि व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, जुलूस मार्ग और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा, डीएसपी, नगर निकायों के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मस्जिद कमिटी के सदस्य शामिल हुए।
7 जोन में बांटा गया जुलूस रूट
प्रशासन ने जुलूस के निर्धारित रूट को 7 जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
गांधी मैदान से सुबह 9 बजे जुलूस शुरू होने को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को संयुक्त रूप से जुलूस मार्ग का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। जुलूस मार्ग पर निर्माण सामग्री नहीं रखने की भी हिदायत दी गई है।
सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया से निगरानी
जुलूस रूट और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने विशेष रूप से बाइकर्स गैंग और तेज गति से वाहन चलाने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को कहा है।
भड़काऊ और अश्लील गाने बजाने पर रोक
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जमशेदपुर में ईद मिलादुन्न नबी का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया जाता रहा है। उन्होंने लोगों से इसी परंपरा को कायम रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान अश्लील या भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी आचरण से बचा जाए। आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई।
वॉलंटियर्स को पहले किया जाएगा ब्रीफ
वरीय पुलिस अधीक्षक ने जुलूस में शामिल होने वाले वॉलंटियर्स को पहले से ब्रीफ करने का निर्देश दिया। उन्हें निर्धारित रूट, समयसीमा और प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि सभी 7 जोन में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और पुलिस बल लगातार निगरानी रखेंगे तथा कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
मेडिकल और यातायात व्यवस्था पर भी जोर
बैठक में जुलूस के दौरान मेडिकल सुविधा, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आमबागान, गांधी मैदान, धतकीडीह समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं रखने को कहा गया।
इसके अलावा पर्याप्त पेयजल और गांधी मैदान सहित जुलूस से जुड़े स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने आयोजन से जुड़े लोगों और सभी संबंधित विभागों से निर्धारित रूट, समय और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए ईद मिलादुन्न नबी को प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग की अपील की।
