


जमशेदपुर: झारखंड लोकसेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2024 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। आगामी रविवार, 26 अप्रैल को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिले के 93 परीक्षा केंद्रों पर यह अहम परीक्षा आयोजित की जाएगी। एक ही पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होने वाली इस परीक्षा में जिले से कुल 39,265 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है।
डीसी और एसएसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में एक संयुक्त ब्रीफिंग की। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद जी और डीएसई आशीष पांडेय समेत कई अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया गया है कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रश्न पत्रों की वीडियोग्राफी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्र पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पहले अनिवार्य रूप से अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहें। केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के सील पैकेट खोलने और बंद करने की पूरी प्रक्रिया की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराई जाए।
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त ने ‘झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023’ के कड़ाई से अनुपालन पर जोर देते हुए चेतावनी दी है कि नकल या अनुचित साधनों का उपयोग एक गंभीर अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सघन जांच और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से परीक्षार्थियों की सघन जांच (Frisking) सुनिश्चित की जाए। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए विशेष रूप से महिला पुलिस बल की ही तैनाती की जाएगी। प्रवेश द्वार पर जांच के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि परीक्षार्थियों को असुविधा न हो।
एसएसपी ने गश्ती दल (Patrolling Team) और उड़नदस्ता (Flying Squad) को सक्रिय रहने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ या संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। गर्मी और लू के मद्देनजर पुलिस कर्मियों को डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए पानी और ओआरएस जैसी जरूरी व्यवस्था रखने के भी सुझाव दिए गए हैं। ट्रैफिक प्लान की भी पुनर्समीक्षा की गई है ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।




