


जमशेदपुर।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जमशेदपुर के प्लेटिनम जुबिली समारोह (75 वर्ष) में भाग लेते हुए संस्था को उसकी गौरवशाली यात्रा पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह में उन्होंने चैम्बर के योगदान की सराहना करते हुए इसे झारखंड के औद्योगिक इतिहास की आत्मा बताया।
राज्यपाल ने कहा, “सिंहभूम चैम्बर केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक दृष्टि है, जिसने राज्य को दशकों तक औद्योगिक दिशा दी है।” उन्होंने संस्थापकों की प्रतिबद्धता और दूरदृष्टि की सराहना की, जिन्होंने इसे मजबूत आधार प्रदान किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR : स्वर्णरेखा व खरकई उफनाई, निचले इलाकों में भरा पानी, लोगों को राहत शिविर में भेजा गया
जमशेदपुर बना सामाजिक-औद्योगिक मॉडल
राज्यपाल ने टाटा समूह की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि जमशेदपुर देश का एक ऐसा मॉडल शहर है, जहां औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और कौशल विकास को भी समान महत्व मिला। उन्होंने शहर के स्वच्छता रैंकिंग में तीसरे स्थान प्राप्त करने पर नागरिकों को भी बधाई दी।
झारखंड बन सकता है भारत की आर्थिक रीढ़
राज्यपाल ने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों में चैम्बर की महत्वपूर्ण भागीदारी की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा, “झारखंड में संसाधनों, श्रम और युवाशक्ति की कोई कमी नहीं है। यदि उद्योग, नीति और शिक्षा का सही समन्वय हो तो यह राज्य देश की आर्थिक रीढ़ बन सकता है।”
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल
राज्यपाल ने चैम्बर से आह्वान किया कि वह केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक विकास, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने यह स्वीकार किया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड को अभी लंबा सफर तय करना है।
चैम्बर के सदस्यों ने साझा किए विचार
समारोह के दौरान चैम्बर के वरिष्ठ सदस्यों ने भी अपने अनुभव व सुझाव साझा किए, जिसमें क्षेत्रीय उद्योगों के विकास, नीति निर्माण में भागीदारी, CSR पहलें और युवाओं के लिए रोजगार सृजन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।




