


Hazaribagh. झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन हथियारबंद तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पेट में गोली लगी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पकड़े गये लोगों में से दो बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले हैं और पुलिस ने उनके पास से अफीम बरामद की है।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने शनिवार की शाम चौपारण थाना क्षेत्र में हथिया बाबा मंदिर के पास छापा मारा, जहां आरोपी अफीम बेचने के लिए एकत्र हुए थे।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने भागने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। इसके बाद उसने पुलिस पर गोली चला दी।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया, “पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप मुठभेड़ हुई। इस दौरान उसके पेट में गोली लग गयी। उसकी पहचान बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले अजय कुमार सिंह के रुप में हुयी है। सिंह को बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रिम्स, रांची भेज दिया गया ।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों की पहचान झारखंड के चतरा जिले के आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार और बिहार के गयाजी निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है।

