

जमशेदपुर। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने आगामी कार्यक्रम को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी की ओर से बताया गया कि 19 सितंबर, शनिवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय, साकची में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इसको लेकर बुधवार को झामुमो जमशेदपुर नगर क्षेत्र के सभी शाखा अध्यक्षों और सचिवों की बैठक जिला संपर्क कार्यालय, साकची में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की। बैठक में आगामी धरना-प्रदर्शन को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की गई।
प्रखंड और नगर निकाय स्तर पर भी कार्यक्रम
बैठक के दौरान केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रखंड एवं नगर निकाय कार्यालयों में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शनों के लिए संशोधित पर्यवेक्षकों की सूची की जानकारी भी पदाधिकारियों को दी गई। जिला समिति ने स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपने और समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की।
विक्टर सोरेन ने कही यह बात
बैठक के बाद झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि 19 सितंबर को साकची स्थित जेएनएसी कार्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए कहा कि यह प्रदर्शन यह संदेश देगा कि झामुमो की संगठनात्मक मौजूदगी ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी है।
पार्टी के अनुसार, धरना-प्रदर्शन का उद्देश्य खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
रणनीतिक बैठक में प्रीतम हेंब्रम, सुशील हेंब्रम, सोमेन विश्वास, पाण्डेय प्रधान, बादल कर्मकार, जाबिर हुसैन, प्रितपाल सिंह, संतोष लकड़ा, अजय पाण्डेय, राजू मुखी, ओनादी उरांव, सरफराज बबलू और गोविंदा चालक समेत झामुमो के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

