


जमशेदपुर।
जन शिकायत निवारण दिवस पर उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा ने प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र के 35 से अधिक नागरिकों से मंगलवार को उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर लोगों समस्याओं एवं सुझावों को सुना
विभिन्न मुद्दों को लेकर पहुंचे लोग
जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों ने कई प्रकार की समस्याएं रखीं। इनमें स्वास्थ्य से जुड़े इलाज, जमीन विवाद, स्कूलों में बच्चों के नामांकन, मंईयां सम्मान योजना का लाभ, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद, आर्म्स लाइसेंस और ट्रांसजेंडर अधिकार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं।
कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान
कार्यक्रम के दौरान कुछ मामलों का तत्काल समाधान भी किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली। इससे प्रशासन की तत्परता और जनहित के प्रति गंभीरता साफ नजर आई।
विभागों को दिए गए सख्त निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिया कि हर मामले पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
नियमित समीक्षा पर जोर
प्रशासन द्वारा इन शिकायतों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है। उपायुक्त स्तर पर विभागीय बैठकों में इन आवेदनों की प्रगति की निगरानी की जा रही है, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।



