

जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत शनिवार को पुराना बाराद्वारी स्थित राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संघ परिसर में दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराई गई।
दृष्टिबाधित मतदाताओं ने उत्साह के साथ कराया पंजीकरण
शिविर में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह और निर्वाचन टीम की मौजूदगी में कई दृष्टिबाधित मतदाताओं ने हिस्सा लिया। मतदाताओं ने प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया।
शिविर में सहायक निबंधक, सहकारी समितियां विवेक कृष्ण सिंह, टाटा कंपनी के पूर्व कर्मचारी और आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कर्मचारी सहित कई पात्र मतदाता शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न बैंकों में कार्यरत दृष्टिबाधित कर्मचारी, उद्यमी और अन्य पात्र मतदाताओं ने भी शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया।
निर्वाचन टीम ने उपलब्ध कराया आवश्यक सहयोग
शिविर में निर्वाचन टीम ने मतदाताओं को प्रपत्र-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन की ओर से विशेष रूप से दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना प्राथमिकता
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि SIR-2026 के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को पंजीकरण में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रशासन का फोकस मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर है।


