बंटी सिंह के नेतृत्व में चला संघर्ष; अप्पू तिवारी ने आंदोलन का राजनीतिकरण करने का लगाया आरोप, प्रकाश कुमार बोले- सहमति लागू नहीं हुई तो फिर होगा आंदोलन

जमशेदपुर: टाटा मोटर्स में मृत कर्मचारी के परिवार को न्याय और आर्थिक सुरक्षा दिलाने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से जारी आंदोलन स्थायी नौकरी और मुआवजे पर सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया। बंटी सिंह के नेतृत्व में चले इस संघर्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े युवाओं ने दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद की।

आंदोलन के बाद आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने टाटा मोटर्स प्रबंधन और झामुमो सरकार पर संघर्ष को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंटी सिंह के नेतृत्व में आंदोलन को मिल रहे जनसमर्थन और युवाओं की एकजुटता से प्रबंधन घबरा गया था। इसके बाद संघर्ष का श्रेय लेने और उसे राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश करने की कोशिश की गई।
अप्पू तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का शक्ति प्रदर्शन नहीं था, बल्कि एक ऐसे परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई थी, जिसने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया। चार दिनों तक अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े युवाओं का एक मंच पर आना जमशेदपुर की एकजुटता और मजदूरों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों के परिवारों के हितों की रक्षा करना प्रबंधन और सरकार की जिम्मेदारी है। किसी परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन की नौबत नहीं आनी चाहिए।
बंटी सिंह बोले- श्रेय नहीं, परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल को नीचा दिखाना अथवा आंदोलन का श्रेय लेना नहीं था। उनकी पहली प्राथमिकता मृतक परिवार को न्याय दिलाना और उसके भविष्य को सुरक्षित करना था।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी की मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई थी। ऐसे समय में परिवार के अधिकारों के लिए आवाज उठाना नैतिक जिम्मेदारी थी। बंटी सिंह ने आंदोलन में साथ देने वाले सभी राजनीतिक दलों के युवाओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी मजदूरों के साथ अन्याय होने पर आवाज उठाई जाएगी।
मृतक परिवार ने जताया आभार
मृतक परिवार की ओर से सहदेव पात्रों ने कहा कि कठिन समय में बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने परिवार को न्याय दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जब परिवार संकट में था, तब चार दिनों तक लगातार साथ खड़े रहने वाले सभी लोग उनके लिए आदरणीय हैं।
स्थायी नौकरी और मुआवजे पर बनी सहमति को उन्होंने परिवार के लिए बड़ी राहत बताया। परिवार ने इस संघर्ष में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
प्रकाश कुमार ने दी दोबारा आंदोलन की चेतावनी
टाटा मोटर्स यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि चार दिनों के संघर्ष के बाद मृतक परिवार को स्थायी नौकरी और मुआवजा देने के मुद्दे पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और आश्रित परिवारों के भविष्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रकाश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन सहमति के अनुरूप कार्रवाई नहीं करता है या मजदूरों और उनके परिवारों के साथ अन्याय होता है, तो जरूरत पड़ने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन समाप्त होने का मतलब मजदूर हितों की लड़ाई समाप्त होना नहीं है।
सहमति लागू होना अब सबसे अहम
अप्पू तिवारी ने कहा कि जमशेदपुर की औद्योगिक पहचान मजदूरों के पसीने और संघर्ष से बनी है। इसलिए मजदूरों से जुड़े मामलों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण से समाधान किया जाना चाहिए।
चार दिनों के आंदोलन के बाद स्थायी नौकरी और मुआवजे पर बनी सहमति से परिवार को राहत मिलने की उम्मीद है। अब सबसे अहम यह होगा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन इस सहमति को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करे।

