जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत एमजीएम अस्पताल (डिमना परिसर) के नवनिर्मित भवन में आज ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के मार्गदर्शन और परियोजना निदेशक आईटीडीए के कुशल नेतृत्व में अस्पताल की शिफ्टिंग प्रक्रिया तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है। इसके तहत स्त्री एवं प्रसूती रोग विभाग को पूरी तरह पुराने अस्पताल से नवनिर्मित भवन में शिफ्ट कर दिया गया है।
READ MORE :Jamshedpur :आज से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जीर्णोद्धार का दूसरा चरण होगा प्रारंभ
उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूती रोग विभाग के सभी नए एडमिशन इसी भवन में लिए जाएंगे। आज नए ओटी में दो सफल ऑपरेशन संपन्न हुए, जिनमें एक सामान्य प्रसव और एक सिजेरियन डिलीवरी की गई। नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है। यहाँ एनआईसीयू (नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई), पीआईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई), पीडियाट्रिक वार्ड तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सभी तरह के चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुसज्जित एवं सुचारु रूप से चालू की जा रही हैं । अस्पताल के अधीक्षक, उपाधीक्षक एवं प्राचार्य सहित चिकित्सा पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से शिफ्टिंग कार्य पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के संचालन से मरीजों को एक ही स्थान पर सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन अस्पताल प्रबंधन के साथ मिलकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे अब स्त्री, प्रसूती रोग से जुड़ी चिकित्सा सेवाओं के लिए नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल का ही रुख करें।
