


Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले में जुलाई में संचालित एक विशेष अभियान में मादक पदार्थ के कम से कम 55 तस्करों और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 10 आग्नेयास्त्र और कारतूस तथा करीब 20 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जुलाई में मादक पदार्थ के तस्करों तथा आर्म्स एक्ट और गोलीबारी के मामलों में वांछित लोगों के खिलाफ ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ शुरू किया था। बयान के अनुसार, मादक पदार्थों के कारोबार में कथित रूप से शामिल 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उनके पास से 54 किलोग्राम गांजा और 91.25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इसी तरह, अवैध हथियार रखने या गोलीबारी करने के आरोप में 34 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 10 आग्नेयास्त्र, जिनमें तीन देसी हथियार शामिल हैं, और 15 कारतूस जब्त किए।
बयान में कहा गया कि गिरफ्तार किये गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

