



Jamshedpur. जमशेदपुर पुलिस ने टिनप्लेट सब्जी मार्केट फायरिंग मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में रंगदारी मांगने वाले गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि यह घटना 18 जुलाई की शाम करीब छह बजे गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में हुई थी। अपराधियों ने एक व्यापारी से एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने गिरोह के एक अन्य सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास भी हथियार होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रोमी सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस बरामदगी के संबंध में गोलमुरी थाना में एक अलग मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में गोलमुरी, बिष्टुपुर और टेल्को थानों में लगभग 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मनदीप सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों में चार आपराधिक कांड दर्ज हैं।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को शुक्रवार, 24 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी गहनता से जांच की जा रही है।


