


Jamshedpur. जमशेदपुर के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली दुकान संचालक पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का आरोप लाभुकों ने लगाया है। राशन कार्डधारियों ने शुक्रवार को इस आशय की शिकायत उपायुक्त से की। उन्होंने निलंबित दुकानदार ललिता खंडापातर की दुकान का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। इससे पूर्व सभी ग्रामीण आम बागान मैदान से पैदल डीसी ऑफिस पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि काशीडीह गांव स्थित जन वितरण प्रणाली दुकान से पंचायत के अधिकांश कार्डधारी राशन उठाव करते हैं, लेकिन विगत चार माह दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च का राशन अब तक उन्हें नहीं मिला है।
शिकायत के अनुसार दुकानदार द्वारा ई-पॉश मशीन में कार्डधारियों का फिंगरप्रिंट लेकर पर्ची दे दी जाती है और अगले माह राशन देने का आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है।कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि हर महीने इसी तरह राशन रोककर कालाबाजारी की जाती है। साथ ही दुकान का संचालन नामित दुकानदार के बजाय बिचौलिया दिलीप खंडापातर द्वारा किया जाता है, जो लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार करता है। ग्रामीणों का कहना है कि नामित दुकानदार अधिकांश समय दुकान में मौजूद नहीं रहती हैं।



