Ranchi झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार सम्मानित करेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करेंगे. इसमें झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र (आईसीएसई) के टॉपर्स शामिल होंगे.

यह कार्यक्रम राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. तीनों बोर्ड के मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की तैयारी है. राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वालों को दो लाख रुपये और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे.इसके अलावा सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल फोन भी मिलेगा.

राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित विद्यार्थियों को मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे. दूसरे और तीसरे स्थान के विद्यार्थियों के लिए संबंधित जिलों में अलग से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा.
इस कार्यक्रम में केवल बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर ही नहीं, बल्कि दूसरे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिलेगा. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के विद्यार्थी, झारखंड राज्य ओलंपियाड के विजेता और आकांक्षा कार्यक्रम के तहत देश के इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिला पाने वाले छात्र-छात्राएं भी पुरस्कृत किए जाएंगे.

