


Jamshedpur. जमशेदपुर के करनडीह में राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर परसुडीह थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके.
इसी कड़ी में सोमवार देर रात पुलिस की एक विशेष टीम ने कीताडीह और आसपास के इलाकों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया. विशेष टीम ने कीताडीह स्थित एक धार्मिक शैक्षणिक संस्थान का भी दौरा किया. यहां मौजूद युवकों से पूछताछ की गई तथा उनकी पहचान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली गई. टीम ने संस्थान के संचालन, वहां आने-जाने वाले लोगों और हाल के दिनों में हुई गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी जुटाई.
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ करने वाले पुलिसकर्मी सादे वर्दी में थे, जिससे स्थानीय लोगों को पहले इसकी भनक नहीं लगी. सुरक्षा के मद्देनजर टीम ने आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यक बिंदुओं का भौतिक सत्यापन किया.
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है. अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया नियमित सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है और आम लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है.



