

Jamshedpur. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात रामाडा होटल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार में सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, रांची से आए एक संगीतकार बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित “किशोर कुमार नाइट” कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह कार से रांची लौट रहे थे। इसी दौरान रामाडा होटल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रेलर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार चला रहे कमल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त उनकी कार की रफ्तार करीब 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कमल कुमार शर्मा ने कहा कि हादसे में उनकी जान बच गई, यही सबसे बड़ी बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में था।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर चालक को पकड़कर थाने में रखा है। क्षतिग्रस्त कार को भी पुलिस ने थाने में रखवा दिया है। मामले में FIR दर्ज कराई गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

