जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले में बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल ठगी पर लगाम कसने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह से रेस हो गया है। इसी कड़ी में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार कक्ष में साइबर अपराध से संबंधित लंबित कांडों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले के तमाम प्रमुख पुलिस अधिकारी और संबंधित अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे।

डिजिटल साक्ष्यों पर जोर, त्वरित न्याय का निर्देश
बैठक के मुख्य एजेंडे में जिले में साइबर अपराध से जुड़े मामलों और उनके अनुसंधान की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अनुसंधानकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि साइबर ठगी से जुड़े मामलों का निष्पादन जल्द से जल्द किया जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।जांच प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया गया।तकनीकी साक्ष्यों (Digital Evidences) के आधार पर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने की बात कही गई ताकि अपराधियों को सजा दिलाई जा सके।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान
वर्तमान में साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसे देखते हुए स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर ट्रेंड्स के प्रति पहले से सतर्क करना है।
तुरंत फ्रीज होंगे बैंक खाते, तकनीकी क्षमता में होगा विकास
साइबर ठगी के शिकार होने पर पीड़ित के पैसे बचाने के लिए ‘त्वरित वित्तीय होल्ड’ (Instant Financial Freeze) प्रणाली को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।इसके तहत एक समर्पित हेल्पलाइन डेस्क या त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Response Team) को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया है, ताकि ठगी गई राशि को समय रहते बैंक खातों में फ्रीज (Freeze) कराया जा सके।अनुसंधानकर्ताओं (IOs) की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें आधुनिक डिजिटल फॉरेसिंक्स, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) एनालिसिस और क्रिप्टोकरेंसी ट्रैकिंग जैसे तकनीकी पहलुओं पर नियमित प्रशिक्षण (Training) देने का भी फैसला लिया गया है।
इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीना, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शुभम खण्डेलवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, एसडीपीओ घाटशिला विकास आनंद लागुरी, डीएसपी मुसाबनी रोहित रजवार और डीएसपी सीसीआर मनोज कुमार ठाकुर उपस्थित थे।

