


Jamshedpur. देहरादून में हुए बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड का अभी तक पुलिस आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं कर पाई है, लेकिन जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से कई अहम और चौंकाने वाले संकेत सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस अब इस मामले की साजिश के करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, हत्या की साजिश स्थानीय स्तर पर नहीं बल्कि बाहरी नेटवर्क के जरिए तैयार की गई थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले जमशेदपुर के एक कुख्यात गैंगस्टर के साथ बैठक हुई थी, जिसमें पूरे वारदात की योजना बनाई गई। इसी बैठक में कथित तौर पर हत्या की पूरी “स्क्रिप्ट” तैयार की गई और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि तय योजना के मुताबिक कॉन्ट्रैक्ट किलर को भुगतान किया गया। इसके बाद हमलावरों ने देहरादून के एक होटल में ठहरकर कई दिनों तक इलाके की रेकी की। गतिविधियों, आवाजाही और सही मौके का इंतजार करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, जमशेदपुर के गैंगस्टर के निशाने पर अखिलेश गिरोह से जुड़े दो लोग थे, लेकिन हालात ऐसे बने कि हमलावरों ने सिर्फ एक लक्ष्य को चुना और विक्रम शर्मा की हत्या कर दी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर दूसरा संभावित निशाना कौन था और उसे क्यों छोड़ा गया।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने कथित तौर पर घाटशिला में बैठक की। सूत्रों का दावा है कि इस बैठक में आगे की रणनीति और बचाव के रास्तों पर चर्चा हुई। पुलिस अब इस कड़ी की पुष्टि करने के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच कर रही है।
पुलिस की जांच तेज, जल्द हो सकता है खुलासा
हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है, लेकिन माना जा रहा है कि संदिग्धों की पहचान लगभग हो चुकी है और गिरफ्तारी की कार्रवाई कभी भी हो सकती है। जांच में कई राज्यों के बीच आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



