



Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के साथ बुधवार को रांची स्थित पीपी कंपाउंड के गुरुनानक स्कूल में गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित 556वें प्रकाश उत्सव में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और समस्त झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समस्त सिख समुदाय एवं राज्यवासियों को गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत ही शुभ है. गुरुनानक जयंती समस्त सिख समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दिन होता है. आज के दिन समाज के लोग अपने प्रथम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेते हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा, मैं स्वयं हर वर्ष इस दिन थोड़ी देर के लिए यहां आता हूं. गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित प्रकाश उत्सव में सम्मिलित होकर मुझे बहुत हर्ष की अनुभूति होती है. मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि गुरुनानक देव जी सिर्फ सिख समाज के लिए ही नहीं, बल्कि सकल समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. उनकी दूरदर्शी सोच, उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते और उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज के निर्माण की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है.



