


Ranchi. झारखंड पुलिस ने साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जनवरी से अब तक छह महीनों में 1200 साइबर अपराधियों को और साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल 484 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. गुप्ता ने कहा कि पुलिस अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और 27,000 एकड़ भूमि पर इसकी फसल नष्ट की गई है. वह यहां राज्य पुलिस मुख्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे.
डीजीपी ने कहा, झारखंड पुलिस ने इस साल जनवरी से जून के बीच 27,000 एकड़ भूमि पर अफीम की फसल नष्ट की, 484 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया और 34 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए. पुलिस ने छह महीने में साइबर अपराध में शामिल 700 आरोपियों को गिरफ्तार किया, साथ ही प्रतिबिम्ब ऐप के जरिए 474
साइबर अपराधियों को भी पकड़ा.
गुप्ता ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘महिला शक्ति कमांडो’ बल का गठन किया गया है और एक महिला हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है.डीजीपी ने यह भी कहा कि पुलिस ने राज्य से नक्सलवाद का सफाया करने के लिए युद्ध छेड़ा है और छह महीने में हुईं मुठभेड़ के दौरान 17 नक्सली मारे गए, 197 गिरफ्तार किए गए और 10 को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा.



