



Garhwa. झारखंड के गढ़वा जिले में सोमवार को पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर सोन नदी के तेज बहाव में दो किशोरी बह गईं, जबकि एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि तीनों केतार थाना क्षेत्र में पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए स्नान करने और जल लेने सोन नदी गईं थीं। लापता लड़कियों की तलाश के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया है।
केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रब्बानी ने बताया कि तीनों पचडुमर गांव में स्थित मां शायरी भगवती मंदिर में ‘जलाभिषेक’ के लिए जल लेने नदी में उतरी थीं, तभी तेज बहाव में बह गईं। उन्होंने बताया कि उनमें से एक महिला को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया, जबकि दो अन्य का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों नदी के बीच स्थित एक उभरी हुई चट्टान पर चढ़कर ‘सेल्फी’ ले रही थीं, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज धारा में बह गईं। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और एक महिला को सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने बताया कि खोज और बचाव अभियान जारी है, हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। लापता लड़कियों की पहचान छतरकुंड के एक उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा जूली कुमारी और नौवीं कक्षा की छात्रा खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।

