


Patna. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पटना में बुधवार को अपने परिवार के साथ केक काटकर अपना 78वं जन्मदिन मनाया. प्रसाद ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आधिकारिक आवास पर अपना जन्मदिन मनाया, जहां उनके परिवार के सदस्य और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे. उन्होंने 10 सर्कुलर रोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लाए गए 78 किलोग्राम के केक को भी तलवार से काटा. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित हो रहा है. पार्टी सुप्रीमो का जन्मदिन मनाने के लिए राबड़ी देवी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जमा हो गए.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उनका रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि समान मूल्यों और सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं. हमारे बीच का रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा – यह एक गहरा मानवीय जुड़ाव है, जो समान मूल्यों और सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है.
उन्होंने कहा, आपका जीवन संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन आपने हमेशा मजबूती और हौसले के साथ उन लोगों की आवाज़ उठाई है, जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है. राहुल गांधी ने कहा, आज आपके जन्मदिन पर मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं. सीएम हेमंत सोरेन ने x पर लिखा, गरीबों, शोषितों और वंचितों के लिए हमेशा संघर्ष करने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राजद सुप्रीमो आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों बधाई, शुभकामनाएं और जोहार.मरांग बुरु आपको सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं.



