


Ranchi : दिल्ली में झारखंड के CM हेमंत सोरेन से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुलाकात की. इस मुलाकात का उद्देश्य झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेना था. बाबूलाल मरांडी ने इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की और लिखा, “दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से मुलाकात कर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिबू सोरेन जी के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली. हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. ईश्वर उन्हें कुशल स्वास्थ्य प्रदान करें ताकि उनका सानिध्य हम सभी को पुनः प्राप्त हो सके.”
बता दें कि शिबू सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है. राज्य के सभी राजनीतिक दलों के नेता समय-समय पर उनका हालचाल लेने दिल्ली पहुंचते हैं.



