


Jamshedpur टाटानगर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब एक 15 वर्षीय किशोर मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया और ट्रैक्शन तार की चपेट में आ कर झुलस गया. हालांकि वहां मौजूद लोगों ने रोकने का काफी प्रयास किया. हादसे के बाद उसे तत्काल आरपीएफ की टीम ने रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया. इस घटना में वह बुरी तरह से झुलस गया है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना के संबंध में आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या चार में उक्त नाबालिक किशोर को कुछ लोग खदेड़ रहे थे, इसी दौरान वह बचने के लिए प्लेटफार्म संख्या तीन और चार के बीच में खड़ी एक मालगाड़ी पर चढ़ गया. इसी क्रम में वह ट्रैक्शन वायर से निकलने वाली हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर झुलस गया और घायल हो गया. हंगामा होने पर वहां गश्ती कर रहे आरपीएफ जवान पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल किशोर उलीडीह क्षेत्र का रहने वाला है और नशे का आदि है. उसके पास से नशे का सामान भी बरामद हुआ है. संभावना यह जताई जा रही है कि वह यात्रियों का कुछ सामान चोरी कर भाग रहा होगा और लोग उसके पीछे पड़े होंगे. उन्ही से बचने के लिए वह मालगाड़ी पर चढ़ गया, जिस कारण से यह दुर्घटना हुई.



