


Jamshedpur. होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा के एक करीबी को हिरासत में लिया है। आरोपी को बंगाल के रास्ते जमशेदपुर आते समय बरागोड़ा इलाके से पकड़े जाने की बात सामने आई है। चांडिल थाना क्षेत्र में सरायकेला पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच में पुलिस को शक है कि विक्रम शर्मा का करीबी निखार सबलोक हत्याकांड की साजिश में अहम भूमिका निभा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिदगोड़ा के एग्रिको इलाके में जमीन विवाद को लेकर निखार की हत्या कराए जाने की आशंका है। पुलिस ने विक्रम शर्मा के करीबी के अलावा चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
सोमवार दोपहर चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शहर के कई कारोबारी और राजनीतिक नेता निखार के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार निखार के शरीर में कुल 12 गोलियां लगी थीं। दोनों कनपटियों में दो-दो गोलियां, गर्दन और पेट में एक-एक गोली तथा पीठ और दोनों कंधों पर भी गोलियों के निशान मिले। रिपोर्ट के मुताबिक अपराधियों ने बेहद करीब से फायरिंग की थी और वारदात के बाद दो पिस्टल खाली कर दी गई थीं। पोस्टमार्टम के बाद निखार का शव दोपहर करीब 2:30 बजे कदमा विजया हेरिटेज स्थित घर लाया गया। शव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया।
पिता, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके बाद करीब 3:15 बजे निखार की अंतिम यात्रा निकाली गई और बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड की पूरी साजिश, शूटरों और कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

