


Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में रेलवे साइट पर लेवी मांगने और मजदूरों के साथ मारपीट करने के आरोपी पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से हथियार बरामद किया हैं. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि 24 मार्च की रात 6-7 अज्ञात अपराधियों ने रेलवे साइट पर सो रहे मजदूरों के साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर ठेकेदार से रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने पश्चिमी सब जोनल कमिटी, माओवादी के नाम से लेटरहेड पर लेवी की मांग की और कंपनी के मुंशी को लगातार फोन कर धमकाया.इस मामले में एसआईटी टीम गठित की गई. एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया.
एक देसी कट्टा व अन्य सामान बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस, धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन (6), पश्चिमी सब जोनल कमिटी के नाम से जारी लेटरहेड पर्चा, एक मोटरसाइकिल और धमकी देने के लिए प्रयुक्त सीम कार्ड जब्त किया गया है.
ये अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अभिनाष हासदा उर्फ जितेन हासदा (चिटपील, टोकलो, पश्चिमी सिंहभूम), धर्मेन्द्र लागुरी उर्फ कलुवा डॉन उर्फ शत्रु उर्फ डी.के. भईया उर्फ तमरिया (द्वारफारम, टोकलो, पश्चिमी सिंहभूम), सुभाष दोराई उर्फ समाधान (लांडूपदा, कराईकेला, पश्चिमी सिंहभूम), अभिनाष कुमार सिंहदेव उर्फ अंशु सिंहदेव (केरा, चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम) तथा राजकुमार जोंकों (धतकीडीह, कराईकेला, पश्चिमी सिंहभूम) के रूप में की गई है.



