


Mumbai. घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई. विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी, भारतीय निर्यात पर अमेरिकी शुल्क में और वृद्धि की आशंकाओं और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों के मनोबल में गिरावट आई. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 455.35 अंक टूटकर 83,120.89 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 135.35 अंक फिसलकर 25,547.95 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, इटर्नल, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे. वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में तेजी रही।
सेंसेक्स पिछले पांच कारोबारी सत्र में 2,185.77 अंक जबकि निफ्टी 645.25 अंक लुढ़का है। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे।
रुपया पांच पैसे टूटकर 90.23 प्रति डॉलर पर
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.23 पर पहुंच गया. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी से घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा.विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति और भारतीय निर्यात पर अमेरिका के और अधिक शुल्क लगाने की चिंताओं ने विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा भारतीय शेयर की बिक्री को बढ़ावा दिया जबकि व्यापारी इस सप्ताह जारी होने वाले व्यापक आर्थिक आंकड़ों से संकेत मिलने से पहले सतर्क हैं.



