Mumbai . विदेशी पूंजी का लगातार प्रवाह और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र (आईटी) की कंपनियों के शेयर में खरीदारी के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही। बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 363.12 अंक चढ़कर 84,301.40 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयर वाला निफ्टी 53.95 अंक बढ़कर 25,873.20 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फिनसर्व के शेयर में गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 4,479.08 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बुधवार को 1,502.29 अंक की बढ़त के साथ 83,938.28 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 469.60 अंक चढ़कर 25,819.25 अंक पर रहा था।


