जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति एवं विधायक सुरेश पासवान ने जिला स्तरीय अधिकारियों को विधानसभा में उठाए गए जनहित के सवालों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सदन में उठाए गए प्रश्नों को केवल औपचारिकता नहीं समझें, बल्कि उनसे जुड़ी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्रवाई करें।

मंगलवार को जमशेदपुर परिसदन में सभापति सुरेश पासवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें विधानसभा सदस्यों की ओर से सदन में उठाए गए प्रश्नों के क्रियान्वयन और अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई।

लंबित प्रश्नों की विभागवार हुई समीक्षा
बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रश्नों, उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से विधानसभा में उठाए गए सवालों के अनुपालन की प्रगति से समिति को अवगत कराया।
समीक्षा के क्रम में सभापति ने सभी विभागों को लंबित मामलों की पहचान कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुपालन प्रतिवेदन में मामलों की वास्तविक और अद्यतन स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज करने पर भी जोर दिया।
जनहित के मामलों में जवाबदेही जरूरी
सभापति सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इनके समाधान के प्रति विभागीय अधिकारियों की संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा कार्रवाई की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और विधानसभा में दिए गए आश्वासनों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभागवार समीक्षा के बाद समिति की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए

