


New Delhi.टाटा मोटर्स ने रविवार को बताया था कि मई में उसकी कुल यात्री वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 42,040 इकाई रही. मारुति सुजुकी इंडिया और हुंदै मोटर इंडिया की घरेलू बाजार में थोक बिक्री मई में घट गई है. मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा कि उसने भारत-पाकिस्तान संघर्ष और छोटी कारों की बिक्री में गिरावट के बीच उद्योग के खुदरा बिक्री अनुमानों के अनुरूप डीलरों को आपूर्ति को संतुलित’ किया है. हुंदै ने कहा कि पिछले महीने कंपनी ने अपने चेन्नई स्थित विनिर्माण संयंत्र को एक सप्ताह तक चलने वाले नियमित अर्धवार्षिक रखरखाव के लिए बंद रखा, जिससे बिक्री में गिरावट आई.
मारुति सुजुकी इंडिया की कुल बिक्री मई में सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 1,80,077 इकाई पर पहुंच गई. मई, 2024 में कंपनी ने कुल 1,74,551 वाहन बेचे थे. पिछले महीने घरेलू यात्री वाहन की थोक बिक्री सालाना आधार पर छह प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,35,962 इकाई रह गई. एक साल पहले इसी अवधि में यह 1,44,002 इकाई थी. हुंदै मोटर इंडिया की मई माह में कुल वाहन बिक्री सालाना आधार पर आठ प्रतिशत घटकर 58,701 इकाई रह गई. कंपनी की कुल बिक्री पिछले साल मई में 63,551 इकाई रही थी.
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने कहा कि उसकी यात्री वाहन की थोक बिक्री मई में बढ़कर 52,431 वाहन हो गई जो मई, 2024 की 43,218 इकाइयों की तुलना में 21 प्रतिशत की वृद्धि है. किआ इंडिया की मई में घरेलू बाजार में थोक बिक्री सालाना आधार 14 प्रतिशत बढ़कर 22,315 इकाई पर पहुंच गई। मई, 2024 में यह 19,500 इकाई रही थी.टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की मई में बिक्री सालाना आधार पर 22 प्रतिशत बढ़कर 30,864 इकाई हो गई.
दोपहिया वाहन क्षेत्र में हीरो मोटोकॉर्प की घरेलू स्तर पर थोक बिक्री मई में बढ़कर 4,88,997 इकाई हो गईं, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 4,79,450 इकाई थी.



