


Jamshedpur. टाटा स्टील ओड़िशा के कटक जिले स्थित अपने फेरो एलॉय संयंत्र, अथागढ़ में वेस्ट हीट रिकवरी (डब्ल्यूएचआर) परियोजना की शुरुआत करने जा रही है. शुक्रवार को परियोजना के कार्यान्वयन के लिए कॉमफिट एनरसैव प्राइवेट लिमिटेड और ऊर्जा संरक्षण समाधान क्षेत्र की प्रमुख कंपनी यंत्र हार्वेस्ट के साथ एक सहमतिपत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. टाटा स्टील के फेरो एलॉयज एंड मिनरल्स डिवीजन (एफएएमडी) के तहत संचालित अथागढ़ संयंत्र को इस रणनीतिक सहयोग से महत्वपूर्ण लाभ होने की संभावना है.
एमओयू के अनुसार, कॉमफिट एनरसैव और यंत्र हार्वेस्ट संयंत्र में संयुक्त रूप से वेस्ट हीट रिकवरी प्रणाली का डिजाइन और कार्यान्वयन करेंगे. यह नवाचारी परियोजना फर्नेस में स्मेल्टिंग ऑपरेशन प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली टॉप वेस्ट गैस से गर्मी को संग्रहित करने पर केंद्रित है. इस पुनः प्राप्त हीट का उपयोग क्रोम ओर फाइन्स को सुखाने के लिए किया जायेगा. जिससे वर्तमान में फर्नेस ऑयल पर होने वाली निर्भरता समाप्त हो जायेगी.
इस परिवर्तन से प्रतिवर्ष लगभग 3 करोड़ की लागत बचत होने की संभावना है.समझौते पर टाटा स्टील के एक्जीक्यूटिव इंचार्ज एफएएमडी पंकज सतीजा,तकनीकी निदेशक कॉमफिट एनरसैव गणेश भट, तकनीकी निदेशक यंत्र हार्वेस्ट गौरांग भट्ट ने हस्ताक्षर किया. टाटा स्टील के एक्जीक्यूटिव इंचार्ज एफएएमडी पंकज सतीजा ने कहा कि साझेदारी से संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. जो सीओटू उत्सर्जन में कमी, ऊर्जा दक्षता में वृद्धि और ऊर्जा लागत में कमी लायेगी. औद्योगिक ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में नये मानक स्थापित करेगा. इस मौके पर बीडी नंदा, नताशा झा, सरबेस्वर नायक, जितेंद्र जैन, आलोक झा आदि मौजूद थे.



